हैदराबाद , जून 07 -- तेलंगाना रक्षा सेना (टीआरएस) की अध्यक्ष के. कविता ने रविवार को आरोप लगाया कि पटानचेरु में "मैच फिक्सिंग राजनीति" चल रही है और उन्होंने भ्रष्टाचार, मिलीभगत तथा प्रदूषण मुक्त तेलंगाना के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प उठाया।

पटानचेरु विधानसभा क्षेत्र के मुख्यालय के दौरे के दौरान सुश्री कविता ने डॉ. बी.आर. आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और बाद में टीआरएस का ध्वजारोहण किया। उन्होंने पटानचेरु पुलिस थाने का भी दौरा किया तथा स्थानीय निवासियों और पार्टी कार्यकर्ताओं से बातचीत की।

सुश्री कविता ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि कभी एशिया के सबसे बड़े औद्योगिक गलियारों में गिने जाने वाले पटानचेरु की पहचान अब गंभीर प्रदूषण से जुड़ गयी है, जिसका कारण पिछले तीन दशकों में विभिन्न सरकारों की उपेक्षा रही है।

उन्होंने आरोप लगाया, "पूरा क्षेत्र प्रदूषण से बुरी तरह प्रभावित है, फिर भी सरकार उदासीन बनी हुई है। प्रदूषण जमीन में एक किलोमीटर तक गहराई में पहुंच चुका है, जिससे भवन निर्माण, बोरवेल खोदना और खेती करना मुश्किल हो गया है।"सुश्री कविता ने कहा कि नक्का वागु के माध्यम से औद्योगिक अपशिष्ट बहने के कारण मंजीरा नदी भी प्रदूषित हो चुकी है। उन्होंने कहा कि उद्योगों को स्थानांतरित करने की चर्चा तो हो रही है, लेकिन उन हजारों श्रमिकों की आजीविका पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा जो इन उद्योगों पर निर्भर हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि क्षेत्र के कई मुद्दों पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के नेता आपस में मिले हुए हैं। सुश्री कविता ने कहा, "यह तक स्पष्ट नहीं है कि स्थानीय विधायक किस दल से जुड़े हैं। नेता आर्थिक रूप से मजबूत होते जा रहे हैं, जबकि आम लोग लगातार परेशानियों का सामना कर रहे हैं।"हाल ही में बुलडोजर से एक स्कूल को ध्वस्त किए जाने की घटना का उल्लेख करते हुए उन्होंने सवाल उठाया कि क्या ऐसा राजनीतिक संरक्षण और प्रशासनिक विफलता के बिना संभव था। उनका दावा था कि जिला प्रशासन ने तब कार्रवाई की जब जनता का विरोध तेज हो गया।

सुश्री कविता ने कहा कि तेलंगाना रक्षा सेना का गठन तेलंगाना के संसाधनों और भूमि की रक्षा के उद्देश्य से किया गया है। उन्होंने लोगों से भ्रष्टाचार और प्रदूषण मुक्त राज्य के निर्माण तथा युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित करने के लिए सामूहिक प्रयास करने का आह्वान किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित