चेन्नई , अप्रैल 25 -- तमिलनाडु के दक्षिणी थेनी जिले के कुंबम के पास स्थित एक पटाखा निर्माण कारखाने में शनिवार को हुए विस्फोट में दो कर्मचारियों की मौत हो गयी और एक घायल हो गया।
यह विस्फोट पिछले कुछ समय से बंद पड़े लक्ष्मी पटाखा निर्माण कारखाने में हुआ। वर्तमान में इसका इस्तेमाल पटाखे बनाने में इस्तेमाल होने वाले रसायनों के भंडारण के लिए गोदाम के रूप में किया जा रहा था।
चुनावों के मद्देनजर और कर्मचारियों के लिए घोषित अवकाश के कारण पिछले कुछ दिनों से कारखाना बंद था।
आज सुबह जब तीन कर्मचारियों ने हमेशा की तरह कारखाना खोला, तो अचानक विस्फोट हो गया, जिसमें दीनदयालन और सूर्या की मौके पर ही मौत हो गयी।
पुलिस और अग्निशमन कर्मी मौके पर पहुंचे और शवों को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल ले गये। घायल कर्मचारी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस मामला दर्ज कर विस्फोट के कारण का पता लगाने रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित