धार , मार्च 05 -- मध्यप्रदेश के धार जिले में प्रांतीय पटवारी संघ की जिला इकाई के आह्वान पर सरदारपुर तहसील के पटवारियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर हड़ताल शुरू कर दी। गुरुवार को पटवारी संघ ने तहसील कार्यालय में पदस्थ बाबू के विरुद्ध कार्रवाई की मांग करते हुए अनुविभागीय अधिकारी सलोनी अग्रवाल को कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा।
पटवारी संघ के पदाधिकारी नारेबाजी करते हुए एसडीएम कार्यालय पहुंचे। ज्ञापन में बताया गया कि पटवारियों के विधिक एवं सेवा संबंधी अधिकारों, लंबित मांगों तथा प्रशासनिक उदासीनता के कारण समस्याओं का निराकरण नहीं हो पा रहा है।
ज्ञापन में समयमान वेतनमान एवं वेतन निर्धारण, गोपनीय प्रतिवेदन एवं सेवा अभिलेखों का संधारण, स्वामित्व योजना के अंतर्गत किए गए कार्यों का भुगतान, स्थायीकरण आदेश की त्रुटि सुधार, एग्रिस्टेक भत्तों का भुगतान तथा महंगाई भत्ते के एरियर सहित विभिन्न मांगें शामिल हैं। साथ ही तहसील कार्यालय में पदस्थ बाबू के विरुद्ध कार्रवाई की मांग भी की गई है।
पटवारी संघ के तहसील अध्यक्ष परेश गोहिल ने ज्ञापन का वाचन किया। इस दौरान बड़ी संख्या में पटवारी उपस्थित रहे। संघ के जिलाध्यक्ष संजय जाट ने आरोप लगाया कि संबंधित बाबू द्वारा पटवारियों को परेशान किया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि चार दिवस में मांगों का निराकरण नहीं हुआ तो 9 मार्च को जिलेभर में कार्य बहिष्कार किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित