पटना , अक्टूबर 04 -- नता दल यूनाइटेड (जदयू) प्रदेश कार्यालय, पटना में पार्टी के स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से आए बड़ी संख्या में छात्रों एवं युवाओं से आत्मीय मुलाकात कर संवाद किया। इस दौरान उपस्थित छात्र.युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।

''जय निशांत-तय निशांत'' के नारों से प्रदेश कार्यालय परिसर गूंज उठा। इस अवसर पर बिहार विधानपरिषद में सत्तारूढ़ दल के मुख्य सचेतक संजय कुमार सिंह उर्फ गांधी जी एवं पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) समर्थित जदयू प्रत्याशी सह मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार भी मौजूद थे।

श्री निशांत ने कहा कि नीरज कुमार पार्टी के समर्पित एवं अनुभवी साथी हैं। समाजवादी विचारधारा के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता रही है और वे सदैव अपने क्षेत्र की जनसमस्याओं एवं जनहित से जुडे़ मुद्दों को प्रमुखता से उठाते रहे हैं। ऐसे में युवा प्रत्येक साथी का दायित्व है कि वे पूरी एकजुटता के साथ नीरज कुमार के समर्थन में चुनाव प्रचार में जुटें और उनकी जीत सुनिश्चित करने में सक्रिय भूमिका निभाएं।

मंत्री श्री निशांत ने कहा कि बीते 20 वर्षों में नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार की शिक्षा व्यवस्था को सशक्त बनाने तथा छात्रों एवं युवाओं के हित में अनेक ऐतिहासिक कार्य किए गए हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2005 में राज्य में 10 राजकीय विश्वविद्यालय थे, जिनकी संख्या वर्ष 2025 तक बढ़कर 21 हो गई। बिहार की साक्षरता दर 47.53 प्रतिशत से बढ़कर 79.70 प्रतिशत हो गई है। वहीं महिलाओं की साक्षरता दर जो वर्ष 2001 में 33.57 प्रतिशत थी बढ़कर 73.91 प्रतिशत हो गई है।

श्री निशांत ने कहा कि राज्य में सरकारी इंजीनियरिंग काॅलेजों की संख्या 2 से बढ़कर 38 पाॅलिटेक्निक संस्थानों की संख्या 13 से बढ़कर 46 तथा आईटीआई की संख्या 23 से बढ़कर 152 हो गई है। उन्होंने कहा कि चाणक्य राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय एवं चंद्रगुप्त प्रबंधन संस्थान की स्थापना की गई। इसके साथ ही जननायक कर्पूरी ठाकुर कौशल विश्वविद्यालय की भी स्थापना की गई। ये सभी उपलब्धियां बिहार में शिक्षा के विस्तार और युवाओं के लिए नए अवसरों के सृजन की दिशा में किए गए महत्वपूर्ण कार्यों का प्रमाण हैं।

उन्होंने युवा साथियों से आह्वान किया कि वे सरकार की उपलब्धियों और शिक्षा के क्षेत्र में हुए बदलावों को प्रत्येक मतदाता तक पहुंचाएं तथा उन्हें इन कार्यों से अवगत कराएं।

श्री निशांत ने कहा कि प्रत्येक मतदाता का एक-एक वोट नीतीश कुमार के 20 वर्षों के सुशासन के प्रति आभार व्यक्त करने का अवसर है। यह मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में न्याय के साथ विकास की गति को आगे बढ़ाने तथा बिहार की शिक्षा व्यवस्था एवं रोजगार परक नीतियों को और मजबूत बनाने के संकल्प का भी प्रतीक है। उन्होंने पटना सहित सभी आठ शिक्षक/स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में जीत सुनिश्चित करने के संकल्प के साथ एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित