पटना , अक्टूबर 25 -- टना स्नातक एवं पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के मतगणना कार्य के सुचारू, निष्पक्ष एवं पारदर्शी संचालन के लिये मतगणना कार्य में प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों का प्रशिक्षण प्रमंडलीय आयुक्त कार्यालय, पटना में आयोजित किया गया। प्रशिक्षण के दौरान मतगणना से जुड़े पदाधिकारियों एवं कर्मियों को मतगणना की प्रक्रिया, निर्धारित दिशा-निर्देशों तथा विभिन्न तकनीकी एवं प्रक्रियात्मक पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी गई।

प्रशिक्षण के क्रम में अधिकारियों ने बताया कि विधान परिषद निर्वाचन की मतगणना अत्यंत संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण कार्य है। अतः इस दौरान प्रत्येक स्तर पर विशेष सतर्कता, सावधानी एवं निर्धारित प्रक्रियाओं का पालन करना अनिवार्य है। मतगणना कार्य में किसी भी प्रकार की त्रुटि की संभावना को समाप्त करने के लिए सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों को पूरी गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का निर्देश दिया गया।

मतगणना कार्य को पूर्ण सटीकता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता के साथ संपन्न कराने के उद्देश्य से मतगणना की प्रत्येक प्रक्रिया पर विस्तार से प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही, मतगणना से संबंधित निर्वाचन आयोग के सभी दिशा-निर्देशों एवं निर्धारित प्रोटोकॉल का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित