पटना , अक्टूबर 18 -- टना शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के निर्वाचन कार्यों को सुचारु एवं त्रुटिरहित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से सहायक निर्वाची पदाधिकारी- सह - जिलाधिकारी कुंदन कुमार ने पटना जिला के मतदान केंद्रवार मतपत्रों के विखंडन कार्य का निरीक्षण किय।जिलाधिकारी कुंदन कुमार ने इस दौरान संबंधित पदाधिकारियों को पूरी सतर्कता एवं सावधानी के साथ कार्य संपादित करने के निर्देश दिये।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिये कि जिस मतदान के लिए जितनी संख्या में मतपत्र निर्धारित हैं, उसी मतदान केंद्र के लिए उनका विखंडन एवं पृथक्करण सुनिश्चित किया जाए। इस कार्य में किसी भी प्रकार की चूक नहीं होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक स्तर पर निर्धारित प्रक्रिया का अक्षरशः अनुपालन करते हुए कार्यों की निगरानी की जाए, जिससे निर्वाचन कार्य में किसी प्रकार की त्रुटि की संभावना न रहे।
निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने सामग्री कोषांग का भी जायजा लिया तथा मतदान केंद्रवार तैयार किए जा रहे मतदान सामग्री के पैकेटों की जांच की। उन्होंने निर्देश दिया कि प्रत्येक मतदान केंद्र के लिए तैयार पैकेट में निर्धारित सूची के अनुसार सभी आवश्यक सामग्री अनिवार्य रूप से उपलब्ध हो। पैकेट तैयार करने से पूर्व सामग्री का सावधानीपूर्वक मिलान एवं सत्यापन किया जाए, जिससे मतदान के दौरान किसी भी केंद्र पर सामग्री की कमी न हो।
निर्वाचन कार्यों के तहत जिला-वार मतपत्रों का विखंडन कर नवादा एवं नालंदा जिलों के लिए निर्धारित मतपत्र उपलब्ध करा दिए गए हैं। साथ ही, दोनों जिलों के लिए आवश्यक मतदान सामग्री भी तैयार कर संबंधित अधिकारियों को हस्तगत करा दी गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित