पटना , सितंबर 01 -- टना शहर में यातायात व्यवस्था को सुगम, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित बनाने तथा जाम की समस्या के प्रभावी समाधान के लिए प्रमंडलीय आयुक्त राजेश कुमार की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहर की यातायात व्यवस्था से जुड़े विभिन्न पहलुओं की विस्तृत समीक्षा की गई तथा यातायात प्रबंधन को और प्रभावी बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए।

बैठक में जिला परिवहन पदाधिकारी द्वारा बताया गया कि शहर में वाहनों की संख्या में लगातार वृद्धि तथा विभिन्न स्थानों पर अतिक्रमण के कारण कई क्षेत्रों में अक्सर जाम की स्थिति उत्पन्न होती है। इस पर प्रमंडलीय आयुक्त ने सड़कों को अतिक्रमण मुक्त करने तथा शहर में संचालित सभी बसें एवं ऑटो निर्धारित स्टॉप पर ही रुकें, इसे सुनिश्चित करवाने के निदेश दिए।उन्होंने नो-पार्किंग जोन में वाहनों के पार्किंग पर पूरी सख्ती से रोक लगाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए तथा आवश्यकता पड़ने पर वाहन जब्त करने की कार्रवाई भी की जाए। इसके लिए यातायात पुलिस की टीमों की संख्या बढ़ाने तथा वाहन जांच अभियान को और तेज करने का निर्देश दिया गया।

प्रमंडलीय आयुक्त ने बिना निबंधन संचालित हो रहे ऑटो तथा कम उम्र के व्यक्तियों द्वारा ऑटो एवं ई-रिक्शा चलाने पर भी पूर्णतः रोक लगाने का निर्देश दिया। उन्होंने यातायात पुलिस के अधिकारियों को निर्देशित किया कि ऐसे मामलों में नियमित रूप से जांच एवं कार्रवाई सुनिश्चित करें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित