पटना , मई 02 -- बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शनिवार को अधिकारियों को पटना मेट्रो रेल परियोजना के निर्माण कार्य में तेजी लाने और इसे जल्द पूरा करने के निर्देश दिए हैं, जिससे आम लोगों को आवागमन में बेहतर सुविधा मिल सके।
मुख्यमंत्री श्री चौधरी की अध्यक्षता में पटना मेट्रो रेल, ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप योजना तथा जे०पी० गंगा पथ समग्र उद्यान (फेज-1) परियोजना की उच्चस्तरीय समीक्षा हुयी।
मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने समीक्षा के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिये कि सभी परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में पूरा किया जाए और मेट्रो निर्माण में आ रही बाधाओं को जल्द दूर किया जाए। उन्होंने कहा कि परियोजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाकर आम जनता को शीघ्र लाभ पहुंचाना प्राथमिकता होनी चाहिए।
मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने कहा कि राज्य में शहरीकरण को बढ़ावा देने के लिए प्रस्तावित 11 सैटेलाइट टाउनशिप के निर्माण की योजना बनाई गई है। उन्होंने निर्देश दिये कि इन टाउनशिप के विकास के लिए तेजी से कार्य करें। परियोजनाओं को पूर्ण करने के लिए निर्धारित समय-सीमा का जो खाका पेश किया गया है उस पर चरणबद्ध ढंग से काम करें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित