पटना, मार्च 24 -- बिहार की राजधानी पटना के पाटलिपुत्र खेल परिसर में आगामी 25 से 29 मार्च तक 'बिहार ओपन फिडे रेटिंग चेस टूर्नामेंट' का आयोजित होगा।

इसमें देश विदेश के 650 खिलाडी भाग लेंगे। इस चेस टूर्नामेंट में भारत के प्रमुख खिलाडियों के अलावा जिंबाब्वे, नेपाल और रूस के दिग्गज खिलाड़ी भी भाग लेंगे। इसमें आने वाले प्रमुख खिलाडियों में जिंबाब्वे के इंटरनेशनल मास्टर मामोम्बे कुदजानी,नेपाल के नेशनल चैंपियन रूपेश जायसवाल,रूस के ग्रैंड मास्टर पेत्र क्रियाकोव और भारत के ग्रैंड मास्टर नारायणन श्रीनाथ शामिल हैं।

बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक सह मुख्य कार्यकारी अधिकारी रवीन्द्रण शंकरण ने आज यहां बताया कि शतरंज का यह महाकुंभ 'बिहार ओपन फिडे रेटिंग चेस टूर्नामेंट' प्रदेश में होने वाला अबतक का सबसे बड़ा आयोजन है। देश और विदेश से 650 से ज्यादा खिलाड़ी इस टूर्नामेंट में हिस्सा लेने आ रहे हैं। अंडर 7,9,11,13,और 15 आयुवर्ग के बालक बालिका के अलावा ओपन ग्रुप प्रतियोगिता में खिलाडी हिस्सा ले रहे हैं और इस दौरान कुल 10 लाख रुपये की इनाम राशि नकद पुरस्कार के रुप में दी जाएगी।

बिहार चेस संघ के सचिव धर्मेन्द्र कुमार ने बताया कि प्रतियोगिता के मैच प्रतिदिन प्रात: 9 बजे से शुरू होने के बाद संध्या समय तक चलेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित