पटना , अगस्त 29 -- टना नगर निगम की ओर से शहर में हरित क्षेत्र, जल संरचनाओं एवं नागरिक सुविधाओं के विस्तार और सौंदर्यीकरण को लेकर कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर कार्य किया जा रहा है। इन परियोजनाओं के माध्यम से पुराने तालाबों का जीर्णोद्धार, नए पार्कों का निर्माण तथा मौजूदा पार्कों का उन्नयन किया जा रहा है। इन स्थलों पर हरियाली, मनोरंजन, स्वास्थ्य एवं सामुदायिक गतिविधियों के लिए आधुनिक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं, जिससे नागरिकों को स्वच्छ, सुंदर और बेहतर सार्वजनिक स्थान उपलब्ध हो सकें।

पाटलिपुत्र प्रमंडल के वार्ड संख्या-8 स्थित सीआईडी कॉलोनी में सूर्य मंदिर के समीप लगभग 3364 वर्ग मीटर भूमि को तालाब- सह-पार्क के रूप में विकसित करने की योजना है।

लगभग 1.71 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना के तहत क्षेत्र को आकर्षक एवं नागरिक सुविधाओं से युक्त सार्वजनिक स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा।

परिसर में पेयजल की सुविधा, शौचालय, गार्डेन, फव्वारा, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, पाथ-वे तथा नागरिकों के बैठने के लिए पर्याप्त स्थान उपलब्ध कराया जाएगा। तालाब में सीढ़ियों का निर्माण भी किया जाएगा, जिससे स्थानीय नागरिकों को छठ पूजा सहित अन्य धार्मिक एवं सामुदायिक आयोजनों के लिए बेहतर सुविधा मिल सकेगी।

परियोजना को नगर विकास एवं आवास विभाग से प्रशासनिक स्वीकृति प्राप्त होने के बाद कार्यान्वित किया जाएगा। इस परियोजना से क्षेत्र में एक ओर जल संरचना को बेहतर स्वरूप मिलेगा, वहीं दूसरी ओर नागरिकों को हरियाली एवं मनोरंजन के लिए एक सुव्यवस्थित सार्वजनिक स्थल उपलब्ध होगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित