पटना , अक्टूबर 22 -- पटना के जिलाधिकारी (डीएम) कुंदन कुमार ने गुरुवार को कहा है कि शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं।
पटना शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 23 अक्टूबर को सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक मतदान होगा।
डीएम ने मतदान कर्मियों एवं प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करते हुए पूरी निष्पक्षता, सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के निर्देश दिए हैं।
श्री कुमार ने गुरुवार को बांकीपुर राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय स्थित मतदान सामग्री वितरण केंद्र पर मतदान कर्मियों, दंडाधिकारियों और संबंधित पदाधिकारियों की ब्रीफिंग के दौरान कहा कि निर्वाचन की विश्वसनीयता बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने मतदान सामग्री प्राप्त करने के बाद कर्मियों को सीधे अपने निर्धारित मतदान केंद्र पर जाने तथा मतदान समाप्त होने के बाद मतपेटियों और अन्य निर्वाचन सामग्रियों को निर्धारित सुरक्षित कक्ष में जमा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्वाचन कार्य के दौरान अनावश्यक संपर्क और बातचीत से बचने तथा किसी भी समस्या की स्थिति में तत्काल वरीय पदाधिकारी को सूचित करने को कहा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित