पटना , जून 01 -- बिहार में पटना जिले के चित्रगुप्त नगर थाना क्षेत्र में नशीली इंजेक्शन, कोडिन युक्त कफ सिरप एवं अन्य प्रतिबंधित नशीली दवाइयों के अवैध कारोबार के शामिल एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया है। नगर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) परिचय कुमार ने सोमवार को बताया कि 30 मई को चित्रगुप्त नगर थानांतर्गत नशीली इंजेक्शन, कोडिन युक्त कफ सिरप एवं अन्य प्रतिबंधित नशीली दवाइयों के अवैध कारोबार के संबंध में सूचना प्राप्त हुई।प्राप्त सूचना के आलोक में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। गठित टीम ने सतत तकनीकी एवं मानवीय अनुसंधान के आधार पर कार्रवाई करते हुए नशीली दवाइयों के कारोबार में संलिप्त एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया।पूछताछ एवं अनुसंधान के दौरान यह तथ्य सामने आया कि गिरफ्तार अभियुक्त अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर नशीली इंजेक्शन, कोडिन युक्त कफ सिरप, प्रतिबंधित नशीली टेबलेट एवं अन्य अवैध दवाइयों का व्यापक नेटवर्क संचालित कर रहा था। इस संबंध में विभिन्न थानों में 15 से अधिक कांड दर्ज किए जा चुके हैं तथा एक दर्जन से अधिक अभियुक्तों को पूर्व में गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है।

नगर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि लगभग 03 लाख नशीली इंजेक्शन एम्पुल, लगभग 80 हजार बोतल कोडिन युक्त कफ सिरप एवं विभिन्न प्रकार की प्रतिबंधित नशीली टेबलेट बरामद की गई हैं। बरामद नशीली दवाइयों की अनुमानित कीमत करोड़ों रुपए है।गिरफ्तार अभियुक्त का पूर्व से भी आपराधिक इतिहास रहा है।अग्रतर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित