पटना , सितंबर 29 -- थ निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल ने राजधानी पटना समेत दूसरे जिलों में चल रहे सड़क परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में सचिव श्री पाल ने मुख्य रूप से पटना रिंग रोड निर्माण के प्रगति की अभियंताओं के साथ विस्तृत समीक्षा की। सचिव ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-131 जी) के तहत 6 लेन पटना रिंग रोड (रामनगर-कन्हौली सेक्शन) का निर्माण कार्य राज्य परिवहन व्यवस्था के लिए बेहद खास है। इसके निर्माण से पटना शहर में लोगों को जाम की समस्या से स्थायी समाधान मिलेगा।
सचिव श्री पाल ने बताया कि 6 लेन पटना रिंग रोड (रामनगर-कन्हौली सेक्शन) के तहत ईपीसी मोड पर 14.5 किमी लंबा 6-लेन रामनगर-कच्ची दरगाह कॉरिडोर सेक्शन का निर्माण किया जाना तय है। कुल 1183 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किए जा रहे इस कॉरीडोर का निर्माण वर्ष 2028 में पूरा किया जाना तय है।
सचिव श्री पाल ने कहा कि 6-लेन पटना रिंग रोड के बनने से शहर को भीषण ट्रैफिक जाम से छुटकारा मिलेगा और भारी वाहन बिना शहर में प्रवेश के बाईपास के सहारे अपने गंतव्य को पहुंच सकेंगे।
इस बैठक में सचिव श्री पाल ने एनएच-227 ए पर पेव्ड शोल्डर का कार्य, बिहार में एपीसी मोड में बनाए जाने वाले चौसा-बक्सर बाईपास का निर्माण, एनएच-139 पर औरंगाबाद के दाउदनगर में प्रस्तावित बाईपास सड़क निर्माण, भागलपुर से ढाका मोड़ (खरहरा गांव) तक फोर लेन सड़क निर्माण, एनएच-139 पर अरवल बाईपास का निर्माण, बिहार/झारखंड सीमा पर भागलपुर के खरहरा गांव से बांका के भालजोर तक पेव्ड शोल्डर के साथ फोर लेन सड़क निर्माण कार्य के साथ ही एनएच-727 पर बेतिया बाईपास, एनएच-131 पर मधेपुरा एवं सिंहेश्वर बाईपास परियोजना की स्वीकृति आदि प्रगति की जानकारी विभागीय अधिकारियों से ली। उन्होंने विभागीय अभियंताओं को समयसीमा के भीतर सभी निर्माण कार्य पूरा करने का निर्देश दिय।
बैठक में पथ निर्माण विभाग की विशेष सचिव डॉ. शैलजा शर्मा एवं सभी अभियंता मौजूद थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित