पटना , अक्टुब 23 -- पटना जिले में शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए मतदान कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच जारी है।
मतदान को स्वच्छ, पारदर्शी, सुरक्षित और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन की ओर से व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
जिला प्रशासन के अनुसार, मतदान प्रक्रिया को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए 42 फ्लाइंग स्क्वॉड की टीमें, छह सुपर जोनल मजिस्ट्रेट, 11 जोनल दंडाधिकारी और बड़ी संख्या में पुलिस पदाधिकारियों की तैनाती की गई है।
जिला प्रशासन की ओर से जारी सूचना के मुताबिक, दियारा क्षेत्रों में छह अश्वारोही दल लगातार गश्त कर रहे हैं। सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं तथा बूथों पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात हैं। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त बल की तैनाती की गई है, जिससे मतदाता बिना किसी डर, दबाव या प्रलोभन के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मतदान प्रक्रिया में बाधा डालने, विधि-व्यवस्था बिगाड़ने या मतदाताओं को प्रभावित करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। तैनात जोनल एवं सुपर जोनल पदाधिकारियों को भी पूरी सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित