पटना , जुलाई 01 -- बिहार में पटना जिले की पुलिस ने अवैध बालू खनन एवं परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए रानीतालाब थाना क्षेत्र के बुधु छपरा घाट से बालू लदे छह ट्रैक्टर जब्त किए हैं।पुलिस सूत्रों ने बुधवार को बताया कि मंगलवार को रानीतालाब थाना को सूचना मिली थी कि बुधु छपरा घाट पर अवैध रूप से बालू का खनन और परिवहन किया जा रहा है। सूचना के आधार पर नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) के निर्देशन में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (पालीगंज-02) पंकज कुमार शर्मा तथा रानीतालाब थानाध्यक्ष के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया।

सूत्रों ने बताया कि गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बुधु छपरा घाट पर छापेमारी की, जहां अवैध रूप से बालू लदे छह ट्रैक्टर जब्त किए गए। इस मामले में रानीतालाब थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है तथा अग्रतर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित