पटना , दिसंबर 15 -- पटना के जिलाधिकारी डॉ त्यागराजन एसएम के निर्देश पर शहर में अतिक्रमण उन्मूलन अभियान 13वें दिन भी जारी रहा और इस दौरान आज कुल 51,600 का जुर्माना वसूला गया।

राजधानी पटना के विभिन्न नगर निकाय क्षेत्रों में प्रशासन, नगर निगम, पुलिस, ट्रैफिक पुलिस समेत कई विभागों की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की। जिलाधिकारी स्वयं इस अभियान की नियमित निगरानी और समीक्षा कर रहे हैं।

जिला नियंत्रण कक्ष के अनुसार पटना नगर निगम के नूतन राजधानी अंचल, पाटलिपुत्र, बांकीपुर, अजीमाबाद, पटना सिटी, कंकड़बाग और नगर परिषद दानापुर निजामत समेत कई इलाकों में अस्थायी और स्थायी अतिक्रमण हटाये गये। इस दौरान जीपीओ गोलंबर, स्टेशन गोलंबर, चिरैयाटांड़ पुल के नीचे, पाटलिपुत्र स्टेशन क्षेत्र, अशोक राजपथ, चौक मोड़, करबिगहिया रोड समेत अन्य स्थानों से सैकड़ों झोपड़ियां, ठेला, गुमटी और अवैध बैनर-पोस्टर हटाये गये।

जिलाधिकारी डॉ त्यागराजन ने सभी सब डिविजनल अधिकारी (एसडीओ) और सबडिविजनल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) को अभियान का नियमित पर्यवेक्षण करने और पुनः अतिक्रमण रोकने के लिए फॉलो- अप टीम को सक्रिय रखने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने दोबारा अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने और आदतन अतिक्रमणकारियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिये हैं।

उन्होंने स्पष्ट किया है कि अतिक्रमण हटाओ अभियान नियमित रूप से जारी रहेगा और यातायात व्यवस्था को बाधित करने वालों के खिलाफ शून्य सहिष्णुता की नीति अपनाई जायेगी। उन्होंने कहा कि सुव्यवस्थित यातायात प्रबंधन प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित