पटना , जून 16 -- बिहार में पटना जिले के जानीपुर थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति से एक लाख रुपये की रंगदारी मांगने के मामले का पटना पुलिस ने सफल उद्भेदन करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि सात जून 2026 को जानीपुर थाना क्षेत्र में एक अपराधी द्वारा एक व्यक्ति से एक लाख रुपये की रंगदारी मांगने की सूचना मिली थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए जानीपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया।
सूत्रों ने बताया कि नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) पटना के निर्देशन में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी फुलवारीशरीफ-02 एवं जानीपुर थानाध्यक्ष के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने मानवीय एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले की गहन जांच की।जांच के दौरान पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रंगदारी कांड में संलिप्त एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के पास से रंगदारी मांगने में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन भी बरामद कर जब्त कर लिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है तथा अन्य संभावित पहलुओं की भी जांच जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित