पटना , जुलाई 10 -- बिहार में पटना जिले की पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के मामलों के उद्भेदन के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत दुल्हिनबाजार और नौबतपुर थाना क्षेत्रों में कार्रवाई कर सात अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि वरीय पुलिस अधीक्षक तथा नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) के निर्देशन में मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं के उद्भेदन के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में नौ जुलाई को दुल्हिनबाजार थाना क्षेत्र के कुकरी बिगहा गांव में एक व्यक्ति के पास चोरी की मोटरसाइकिल होने की सूचना मिली। सूचना के सत्यापन के बाद नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-2, पालीगंज के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने छापेमारी कर एक चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की और एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया।
सूत्रों ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त की निशानदेही पर छापेमारी कर चार अन्य अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। इस दौरान एक अन्य चोरी की मोटरसाइकिल तथा तार सहित एक सबमर्सिबल मोटर भी बरामद की गई। इसी क्रम में मोटरसाइकिल चोरी से संबंधित नौबतपुर थाना कांड संख्या-494/26 के अनुसंधान के दौरान पुलिस टीम ने दो और अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। इस प्रकार पूरे अभियान में कुल सात अभियुक्तों की गिरफ्तारी हुई तथा चोरी की दो मोटरसाइकिल और एक सबमर्सिबल मोटर बरामद की गई। सभी आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं के तहत अग्रेतर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित