पटना , मई 26 -- टना नगर निगम में अनुकंपा के आधार पर कुल 36 अभ्यर्थियों को नियुक्ति प्रदान की गई है, जिनमें 12 महिला अभ्यर्थी भी शामिल हैं। निगम मुख्यालय स्थित सभागार में नवनियुक्त कर्मियों को आज नियुक्ति पत्र दिये गए।
इस अवसर पर सफाई जमादार के पद पर 30 अभ्यर्थियों तथा निम्नवर्गीय लिपिक (एलडीसी) के पद पर छह अभ्यर्थियों की नियुक्ति की गई। पटना नगर निगम अनुकंपा समिति की अनुशंसा तथा सशक्त स्थायी समिति की 21वीं साधारण बैठक में प्राप्त स्वीकृति के आलोक में यह नियुक्तियां की गई हैं।
इन नियुक्तियों का उद्देश्य मृत निगम कर्मियों के आश्रित परिवारों को आर्थिक एवं सामाजिक संबल प्रदान करना है, जिससे परिवार के सदस्यों के समुचित भरण-पोषण में सहायता मिल सके।
नगर निगम प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया कि नियुक्त अभ्यर्थियों पर अपने परिवार के आश्रित सदस्यों के भरण-पोषण की जिम्मेदारी होगी। यदि इस संबंध में किसी प्रकार की शिकायत प्राप्त होती है, तो उसे गंभीर कदाचार माना जाएगा और संबंधित कर्मी के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित