पटना, अगस्त 14 -- हापौर श्रीमती सीता साहू की अध्यक्षता एवं उप महापौर श्रीमती रेशमी कुमारी तथा नगर आयुक्त शयशपाल मीणा की उपस्थिति में शुक्रवार को पटना नगर निगम पर्षद की 12वीं साधारण बैठक संपन्न हुई। बैठक में 11वीं बोर्ड मीटिंग की कार्यवाही की सम्पुष्टि सहित कुल चार प्रस्तावों को सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान की गई।
बैठक में पटना नगर निगम के अधीन राजेंद्र नगर, श्रीकृष्णपुरी, पीआईटी कॉलोनी (कंकड़बाग), बेउर, मौर्य लोक परिसर एवं ट्रांसपोर्ट नगर में लीज पर आवंटित संपत्तियों (भूखंड, भवन, फ्लैट) को फ्री-होल्ड में परिवर्तित करने के प्रस्ताव पर माननीय सदस्यों द्वारा सहमती दर्ज की गई।साथ ही, बोर्ड के सदस्यों द्वारा लीज-होल्ड संपत्तियों को फ्री-होल्ड में परिवर्तित करने के लिये शुल्क निर्धारित करने, फ्री-होल्ड की जाने वाली संपत्तियों का विस्तृत विवरण एवं इससे निगम को होने वाली संभावित राजस्व प्राप्ति का ब्योरा प्रस्तुत करने के लिए विशेष बैठक आयोजित कर विस्तृत चर्चा के उपरांत निर्णय लेने का आग्रह किया गया।
बैठक में हुडको के सीएसआर मद से पटना के 35 स्थलों पर हाईमास्ट लाइट के अधिष्ठापन को भी स्वीकृति प्रदान की गई।
शहर में जलापूर्ति व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के उद्देश्य से भंवर पोखर (वार्ड-39), अटल पार्क (वार्ड-54), सदाकत आश्रम (वार्ड-22बी), गंगा विहार कॉलोनी (वार्ड-51) एवं एसडीओ ऑफिस (वार्ड-58) में हाई-यील्ड ट्यूबवेल के अधिष्ठापन की स्वीकृति प्रदान की गई। विभागीय मार्गदर्शन प्राप्त होने के बाद इस दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
प्रत्येक हाई-यील्ड ट्यूबवेल के अधिष्ठापन पर लगभग 1.35 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत आएगी।
बैठक में शहर की साफ-सफाई व्यवस्था की समीक्षा की गई। इस दौरान आउटसोर्सिंग एजेंसियों के खिलाफ कार्रवाई की स्वीकृति प्रदान की गई।
30 जुलाई से 06 अगस्त तक सफाई कर्मियों के एक वर्ग द्वारा की गई हड़ताल के दौरान आवश्यक संख्या में मानवबल एवं चालकों की उपलब्धता सुनिश्चित नहीं करने तथा एकरारनामे की शर्तों का उल्लंघन करने के मामले में तीन आउटसोर्सिंग एजेंसियों यथा वर्चुअस इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, एम4 सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड एवं मॉर्यन कार्स ऑटो सर्विसेज को स्पष्टीकरण नोटिस जारी करते हुए लगभग 72.34 करोड़ रुपये की पेनाल्टी लगाई गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित