पटना , मार्च 03 -- पटना नगर निगम की ओर से होलिका दहन के बाद शहर में व्यापक स्तर पर विशेष साफ़-सफ़ाई अभियान चलाया जा रहा है।
पटना शहर के विभिन्न वार्डों में तैनात सफाई कर्मियों की अतिरिक्त टीमों को निर्देश दिया गया है कि वे सड़कों, चौक-चौराहों एवं सार्वजनिक स्थलों पर होलिका दहन के अवशेषों की शीघ्र सफाई सुनिश्चित करें। अभियान के अंतर्गत राख, लकड़ी के अवशेष एवं अन्य अपशिष्टों को प्राथमिकता के आधार पर हटाया जा रहा है, जिससे आवागमन सुचारू बना रहे।
नगर निगम द्वारा पर्याप्त संसाधन, वाहन एवं मानवबल की व्यवस्था की गई है। संबंधित अधिकारियों को सतत निगरानी एवं समन्वय के निर्देश दिए गए हैं, जिससे शहरवासियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
पटना नगर निगम ने लोगों से अपील की है कि वे स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित