पटना , जुलाई 30 -- फाईकर्मी यूनियन की ओर से आहूत अनिश्चितकालीन हड़ताल के दौरान गुरुवार को पटना नगर निगम ने उपलब्ध संसाधनों और करीब 430 सफाईकर्मियों की सहायता से पुलिस बल की निगरानी में सभी मतदान केंद्रों, प्रमुख सार्वजनिक स्थलों एवं मुख्य सड़कों पर व्यापक सफाई अभियान संचालित किया। विशेष प्राथमिकता के आधार पर सभी पोलिंग बूथों की साफ-सफाई सुनिश्चित की गई, जिससे मतदान प्रक्रिया के दौरान मतदाताओं को स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
कुछ संवेदनशील इलाकों में पुलिस बल की तैनाती की गई तथा पुलिस की निगरानी में सफाई कार्य सफलतापूर्वक संपन्न कराया गया।
नूतन राजधानी अंचल में 38 सफाई मजदूरों की टीम ने दो जेसीबी और एक मिनी हाइवा की सहायता से स्ट्रैंड रोड, हार्डिंग रोड, चिड़ियाघर गेट संख्या 2 समेत विभिन्न क्षेत्रों से कचरे का उठाव किया।
पाटलिपुत्र अंचल में 25 सफाईकर्मियों, एक जेसीबी और दो टिपर की मदद से बोरिंग रोड, अशोक राजपथ सहित विभिन्न प्रमुख स्थलों से कचरा हटाकर साफ-सफाई का कार्य किया गया।
बांकीपुर अंचल में करीब 75 सफाईकर्मियों ने घाटों, पोलिंग बूथों और सार्वजनिक स्थलों की व्यापक सफाई की। इसके साथ ही दोनों पालियों में नौ-नौ वाहनों के माध्यम से फॉगिंग हुयीIकंकड़बाग अंचल में 30 सफाईकर्मियों द्वारा सभी पोलिंग बूथों पर प्राथमिकता के आधार पर सफाई कराई गई। साथ ही पृथ्वीपुर रोड, बस स्टैंड रोड एवं चिरैयांटाड़ क्षेत्र में कचरा उठाव और सफाई अभियान चलाया गया।
पटना सिटी अंचल में करीब 30 सफाईकर्मियों ने गुरु गोबिंद सिंह लिंक पथ, अशोक राजपथ सहित विभिन्न प्रमुख मार्गों एवं सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई कर स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखी।
अजीमाबाद अंचल में सबसे अधिक करीब 235 सफाईकर्मियों ने योगदान दिया। इस अंचल के बीएनआर रोड, डांका इमली, बजरंगपुरी, बिस्कोमान कॉलोनी, अगमकुआं रोड, डॉक्टर्स कॉलोनी, सुदर्शन पथ, मीना बाजार रोड, पटनदेवी कॉलोनी, मेहंदीगंज रोड, मंगलतालाब रोड सहित लगभग सभी प्रमुख क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर कचरा उठाव एवं सफाई अभियान चलाया गया।
नगर आयुक्त ने सभी सफाई कर्मियों से कार्य पर लौटने की अपील की है। उन्होंने कहा, "सफाई कर्मियों की सभी जायज़ मांगों को निगम पूर्व की भांति उचित मंच पर गंभीरता से रख रहा है। उनकी समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर संवाद जारी है और इसका सकारात्मक समाधान शीघ्र निकलेगा। शहर की स्वच्छता और जनहित को ध्यान में रखते हुए सभी सफाई कर्मियों से आग्रह है कि वे पुनः अपने कार्य पर लौटें तथा किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक बातों से प्रभावित न हों। आपका सहयोग न केवल नगर की व्यवस्था के लिए, बल्कि लाखों नागरिकों के स्वास्थ्य और हित के लिए भी अत्यंत महत्वपूर्ण है।"उल्लेखनीय है कि बिहार नगरपालिका अधिनियम, 2007 के अंतर्गत प्रदत्त शक्तियों तथा राज्य सरकार द्वारा समय-समय पर जारी संकल्पों एवं अधिसूचनाओं के अनुरूप पटना नगर निगम अपने अधिकार क्षेत्र में उपलब्ध सभी वैधानिक एवं प्रशासनिक उपायों के माध्यम से स्वच्छता कर्मियों के हित में निरंतर कार्य कर रहा है।
इसी प्रतिबद्धता के तहत निगम द्वारा नियमित वेतन वृद्धि एवं एरियर का समयबद्ध भुगतान, भविष्य निधि एवं ईएसआईसी जैसी सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ, वर्दी एवं सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता, स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन, अनुकंपा के आधार पर नियुक्तियां, विशेष कार्यों के लिए प्रोत्साहन राशि तथा समय-समय पर कौशल विकास एवं सुरक्षा संबंधी प्रशिक्षण जैसे अनेक कल्याणकारी कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित