पटना, सितंबर 30 -- टना नगर निगम ने संपत्ति कर संग्रहण अभियान के अंतिम दिन बुधवार को एक नया कीर्तिमान स्थापित किया। नगर आयुक्त यशपाल मीणा के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष संपत्ति कर संग्रहण अभियान के तहत बुधवार को शाम सात बजे तक 1,900 से अधिक संपत्तिधारकों से 3.61 करोड़ रुपये से अधिक का संपत्ति कर प्राप्त हुआ। यह चालू वित्तीय वर्ष में एक दिन में प्राप्त होने वाला अब तक का सर्वाधिक संपत्ति कर संग्रहण है।

इस उपलब्धि के साथ ही निगम ने 30 जून को एक दिन में प्राप्त 3.36 करोड़ रुपये के पिछले रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया। संपत्ति कर भुगतान की अंतिम तिथि होने के कारण बुधवार को निगम के सभी अंचलों के टैक्स काउंटरों पर सुबह से ही संपत्तिधारकों की भीड़ देखी गई। आमजन की सुविधा और अधिक से अधिक लोगों को बिना किसी परेशानी के भुगतान का अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से निगम के सभी टैक्स काउंटर देर रात तक खुले रहेंगे।

बुधवार को संपत्ति कर संग्रहण में नूतन राजधानी अंचल ने सर्वाधिक योगदान दिया। यहां 397 संपत्तियों से लगभग 2.08 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ। अन्य अंचलों में भी संपत्तिधारकों ने उत्साहपूर्वक कर भुगतान किया।

उल्लेखनीय है कि ये आंकड़े बुधवार शाम सात बजे तक के हैं। देर रात तक खुले रहने वाले काउंटरों पर भुगतान जारी रहने के कारण अंतिम संग्रहण में और वृद्धि होने की संभावना है।

रिकॉर्ड राजस्व संग्रहण के साथ-साथ पटना नगर निगम ने नई संपत्तियों के कर निर्धारण और पूर्व निर्धारित कर की समीक्षा के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की। बुधवार को एक ही दिन में 300 से अधिक नई संपत्तियों का कर निर्धारण कर उन्हें कर के दायरे में लाया गया।

इस प्रकार कुल 303 नई संपत्तियों का कर निर्धारण किया गया। इससे निगम के राजस्व आधार को मजबूत करने के साथ-साथ शहरी क्षेत्र की अधिक से अधिक संपत्तियों को कर व्यवस्था के दायरे में लाने के प्रयासों को गति मिली है।

संपत्ति कर निर्धारण में पारदर्शिता और राजस्व की शुद्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से निगम द्वारा कर पुनर्निर्धारण की प्रक्रिया भी लगातार जारी है। बुधवार को 64 संपत्तिधारकों ने स्वयं अपनी संपत्ति के कर का पुनर्निर्धारण कराया। वहीं, निगम की जांच टीम द्वारा कर निर्धारण में विसंगतियां पाए जाने पर 17 संपत्तियों का पुनर्निर्धारण किया गया और नियमानुसार पेनाल्टी भी लगाई गई। इस प्रकार एक ही दिन में कुल 81 संपत्तियों के कर का पुनर्निर्धारण किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित