पटना , अप्रैल 01 -- टना नगर निगम ने दीघा घाट पर दो मानव विद्युत शवदाह गृहों के निर्माण एवं स्थापना के लिए एनटीपीसी ईआर-I मुख्यालय के साथ अनुबंध ज्ञापन पर हस्ताक्षर किया है। एमओए के तहत एनटीपीसी ईआर-I मुख्यालय कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीेएसआर ) के अंतर्गत 499.61 लाख की लागत से परियोजना का निर्माण कराएगा।

उल्लेखनीय है कि दीघा के विधायक संजीव चौरसिया की अनुशंसा पर पटना नगर निगम को सहयोग प्राप्त हुआ है जिससे शहर में आधुनिक नागरिक सुविधाओं के विस्तार और सतत शहरी विकास के प्रति प्रतिबद्धता को और मजबूती मिलेगी।

पटना नगर निगम की महापौर श्रीमती सीता साहू ने कहा, "पटना नगर निगम लगातार शहर में स्वच्छता, नागरिक सुविधाओं, आधारभूत संरचना और जनहित से जुड़ी परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ा रहा है। उन्होंने कहा कि दीघा घाट पर विद्युत शवदाह गृहों की स्थापना भी इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जो शहर के नागरिकों के लिए दीर्घकालिक रूप से लाभकारी सिद्ध होगी।" उन्होंने कहा, "विद्युत शवदाह गृह पारंपरिक लकड़ी आधारित शवदाह प्रणाली की तुलना में नागरिकों को गरिमापूर्ण, त्वरित और पर्यावरण-अनुकूल सुविधा उपलब्ध कराते हैं।"नगर आयुक्त यशपाल मीणा ने कहा, "पटना शहर में वर्तमान में बांस घाट, गुलबी घाट और दीघा घाट पर विद्युत शवदाहगृह हैं। इसके अलावा बांस घाट पर अत्याधुनिक शवदाह परिसर का निर्माण भी चल रहा है, जिसमें विद्युत एवं पारंपरिक दोनों प्रकार की सुविधाएं होंगी। दीघा घाट पर प्रस्तावित विद्युत शवदाह गृहों के निर्माण से मौजूदा शवदाह गृहों पर बढ़ते दबाव को कम करने में भी मदद मिलेगी।" उन्होंने कहा, "एनटीपीसी के सहयोग से यह परियोजना शीघ्र ही धरातल पर उतारी जाएगी।"समझौता ज्ञापन पर पटना नगर निगम की ओर से कार्यपालक अभियंता आशीष प्रसाद तथा एनटीपीसी ईआर-I मुख्यालय की ओर से वरिष्ठ प्रबंधक (मानव संसाधन) सुमितेश कुमार ने हस्ताक्षर किए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित