पटना , जुलाई 29 -- टना नगर निगम शहर में सतत विकास को बढ़ावा देने, बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने और राजस्व में वृद्धि के उद्देश्य से कई महत्वाकांक्षी परियोजनाओं की तैयारी कर रहा है। इसी क्रम में करीब Rs.2,463.91 करोड़ की लागत वाली छह प्रमुख परियोजनाएं प्रस्तावित की गई हैं। इन योजनाओं के लिए नगर विकास एवं आवास विभाग द्वारा चयनित एजेंसी के साथ पटना नगर निगम एकरारनामा करेगा, जिसके बाद परियोजनाओं का विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (डीपीआर) तैयार किया जाएगा।
पटना जंक्शन के समीप स्थित न्यू मार्केट का पुनर्विकास कर इसे आधुनिक बहुमंजिला कमर्शियल कॉम्पलेक्स के रूप में विकसित किया जाएगा। इस परियोजना की अनुमानित लागत Rs.590.05 करोड़ है।
खेतान मार्केट में पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप मॉडल के तहत बहुमंजिला कमर्शियल कॉम्पलेक्स का निर्माण किया जाएगा। इस परियोजना पर Rs.736.41 करोड़ खर्च होने का अनुमान है।
पटना नगर निगम के वार्ड-42 में लगभग Rs.280.44 करोड़ की लागत से आधुनिक बहुमंजिला शॉपिंग कॉम्पलेक्स का निर्माण किया जाएगा।
शहर के विभिन्न शहरों में 724.93 करोड़ रुपये की लागत से वेंडिग जोन का निर्माण किया जाएगा।
श्रीकृष्ण पुरी में लगभग 19 हजार वर्ग फीट क्षेत्र में Rs.82.08 करोड़ की लागत से बैंक्वेट हॉल, गेस्ट हाउस, रेस्तरां तथा अन्य नागरिक सुविधाओं से युक्तअतिथि गृह-सह-नागरिक सुविधा केंद्र का निर्माण किया जाएगा।
पटना के विभिन्न इलाकों में करीब Rs.50 करोड़ की लागत से साइकिल ट्रैक, वॉक-वे, लैंडस्केपिंग और जनसुविधा स्थल विकसित किए जाएंगे, जिससे शहर में हरित एवं मनोरंजक बुनियादी ढांचे को बढ़ावा मिलेगा।
इन सभी परियोजनाओं की कुल लागत का 50 प्रतिशत हिस्सा नगर निगम बाजार आधारित वित्तीय संसाधनों से जुटाएगा। वहीं 25 प्रतिशत राशि राज्य सरकार और शेष 25 प्रतिशत राशि केंद्र सरकार की सहायता से उपलब्ध कराई जाएगी।
इन परियोजनाओं के पूरा होने से शहर में आधुनिक व्यावसायिक एवं नागरिक सुविधाओं का विस्तार होगा, स्ट्रीट वेंडर्स के लिए बेहतर व्यवस्था विकसित होगी और हरित एवं मनोरंजक सार्वजनिक स्थलों की संख्या बढ़ेगी। साथ ही, निगम के राजस्व में वृद्धि के नए अवसर भी सृजित होंगे, जिससे पटना के समग्र शहरी विकास को गति मिलेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित