पटना , अप्रैल 18 -- पटना नगर निगम को वित्तीय वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में स्टैंप ड्यूटी मद से लगभग 30 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ हैयह राशि वित्तीय वर्ष 2025-26 की अंतिम तिमाही के दौरान पटना नगर निगम क्षेत्र में हुए संपत्ति निबंधनों के आधार पर संकलित की गई है। निबंधन विभाग के अंतर्गत संचालित निबंधन कार्यालय, पटना सदर (छज्जूबाग) एवं अवर निबंधन कार्यालय, पटना सिटी (गुलजारबाग) ने यह राजस्व संग्रहित किया गया, जिसे वर्तमान वित्तीय वर्ष की पहली तिमाही में पटना नगर निगम को हस्तांतरित किया जाएगा।
पटना नगर निगम को वित्तीय वर्ष 2025-26 में स्टैंप ड्यूटी से लगभग 68.70 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ, जबकि वित्तीय वर्ष 2024-25 में यह राशि लगभग 63.06 करोड़ रुपये थी। इस प्रकार निगम को स्टैंप ड्यूटी मद में लगभग 5.64 करोड़ रुपये (करीब 9 फीसदी) की अतिरिक्त प्राप्ति हुई।
बिहार नगरपालिका अधिनियम, 2007 की धारा 136 के अंतर्गत नगरपालिका सीमा के भीतर भूमि अथवा भवन के विक्रय, उपहार, बंधक अथवा अन्य प्रकार के हस्तांतरण पर अतिरिक्त दो प्रतिशत ट्रांसफर ड्यूटी अथवा स्टैंप ड्यूटी लगाए जाने का प्रावधान है। यह अतिरिक्त राशि संबंधित नगर निकाय को प्राप्त होती है और इसका उपयोग शहरी आधारभूत संरचना एवं नागरिक सुविधाओं के विकास पर किया जाता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित