पटना , जून 02 -- न शिकायतों के त्वरित और प्रभावी निवारण के उद्देश्य से पटना नगर निगम की ओर से मंगलवार को सभी छह अंचलों में आयोजित सहयोग शिविर को आम जनता का व्यापक समर्थन मिला। पहले सहयोग शिविर में कुल 282 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 58 आवेदनों का ऑन द स्पॉट निष्पादन कर दिया गया। सहयोग शिविर में जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। दीघा विधानसभा क्षेत्र के विधायक संजीव चौरसिया, कुम्हरार विधानसभा क्षेत्र के विधायक संजय कुमार गुप्ता तथा पटना साहिब विधानसभा क्षेत्र के विधायक रत्नेश कुमार ने अपने-अपने क्षेत्र में आयोजित पटना नगर निगम के शिविरों का निरीक्षण किया। उन्होंने आम नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं को सुना तथा संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश देकर समस्याओं के त्वरित समाधान की दिशा में पहल की।
पटना नगर निगम की महापौर श्रीमती सीता साहू एवं उप महापौर श्रीमती रेशमी चंद्रवंशी ने भी सभी छह सहयोग शिविरों का दौरा किया। उन्होंने नागरिकों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं और सुझावों को जाना तथा अधिकारियों को जनहित में शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
शिविरों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों की भी उल्लेखनीय उपस्थिति रही। वार्ड-1 की पार्षद श्रीमती छठिया देवी, वार्ड-29 के पार्षद विकास कुमार, वार्ड-36 के पार्षद राज कपूर शर्मा, वार्ड-52 की पार्षद श्रीमती महजबी, वार्ड-62 की पार्षद श्रीमती तारा देवी ने संबंधित अंचलों में आयोजित शिविरों में भाग लेकर नागरिकों की समस्याओं के समाधान में सहयोग किया।
नगर आयुक्त यशपाल मीणा ने विभिन्न अंचलों में आयोजित शिविरों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने यह सुनिश्चित किया कि प्रत्येक प्राप्त आवेदन का पंजीकरण "सहयोग पोर्टल" पर किया जाए तथा आवेदकों को तत्काल रेफ्रेंस नंबर उपलब्ध कराया जाए। मुख्यालय के वरीय अधिकारियों द्वारा भी शिविरों की निगरानी करते हुए आवेदनों पर कार्रवाई को सुनिश्चित किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित