पटना , अप्रैल 03 -- पटना नगर निगम संयुक्त कर्मचारी समन्वय समिति के अध्यक्ष चंद्रप्रकाश सिंह के नेतृत्व में प्रतिनिधियों ने महापौर श्रीमती सीता साहू से मुलाकात कर दैनिक मजदूरों की तरह अप्रैल 2025 से आउटसोर्स कर्मियों के लिए वेतन वृद्धि के निर्णय पर उनका आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल ने महापौर से यह भी मांग की कि दैनिक कर्मियों का जब तक नियमितीकरण नहीं होता है तब तक उन्हें समान काम के लिए समान वेतन दिया जाए एवं डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण वाहनों के चालकों का वेतन ई-रिक्शा चालकों की तुलना में अधिक निर्धारित किया जाए, क्योंकि उनका कार्य अधिक श्रमसाध्य होता है। इस मांग पर महापौर ने नियमानुकूल सकारात्मक विचार करने का आश्वासन दिया।
महापौर ने कहा, "पटना नगर निगम के आउटसोर्सिंग कर्मी शहर की सफाई व्यवस्था, जनसेवा और निगम के विभिन्न कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे कर्मियों को न्यूनतम मजदूरी से कम भुगतान नहीं होना चाहिए। निगम उनके हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और आगे भी कर्मचारियों के कल्याण से जुड़े निर्णय लिए जाते रहेंगे।"नगर आयुक्त यशपाल मीणा ने कहा कि पटना नगर निगम के कर्मचारी, मजदूर एवं सफाईकर्मी निगम की रीढ़ हैं। निगम उनके हितों, समस्याओं और मांगों को लेकर पूरी तरह संवेदनशील है। उन्होंने कहा कि निगम का उद्देश्य केवल बेहतर कार्य वातावरण देना नहीं, बल्कि हर कर्मचारी को सम्मान, सुरक्षा और विश्वास प्रदान करना है। सफाईकर्मियों एवं उनके परिवार के सम्मानपूर्व जीवन यापन के लिए निगम द्वारा विभिन्न पहल की जा रही है। इसी के अंतर्गत "अभियान उड़ान" की शुरुआत की जा रही है जिसके अंतर्गत निगम के सफाईकर्मियों को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में आवश्यक मदद उपलब्ध करायी जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित