पटना , फ़रवरी 27 -- पटना नगर निगम की सशक्त स्थायी समिति की 20वीं साधारण बैठक शुक्रवार को आयोजित की गई।

बैठक की अध्यक्षता महापौर श्रीमती सीता साहू ने की। उप-महापौर श्रीमती रेशमी कुमारी, नगर आयुक्त यशपाल मीणा एवं समिति के सभी सदस्य उपस्थित रहे। प्रारंभ में 19वीं साधारण बैठक की कार्यवाहियों की संपुष्टि की गई।

सशक्त स्थायी समिति की बैठक में कुल 62 कार्यसूची मदों पर विचार किया गया। इनमें से 47 संलेखों को स्वीकृति प्रदान की गई, जबकि 22 संलेखों पर विशेष चर्चा कर उन्हें भी स्वीकृति प्रदान की गई ।समग्र रूप से 79 विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई, जो नगर प्रशासन की सक्रियता एवं विकासोन्मुख दृष्टिकोण को दर्शाता है।

नोजर कटरा से दीदारगंज घाट तक एवं कलक्टेरियट घाट से दीघा घाट तक विस्तृत रिवर फ्रंट विकास परियोजना के लिए डीपीआर तैयार कर राज्य एवं केंद्र सरकार को प्रेषित करने का निर्णय लिया गया है। इस महत्वाकांक्षी योजना के अंतर्गत नदी तट का सुनियोजित विकास, सौंदर्यीकरण, सुदृढ़ आधारभूत संरचना, प्रकाश व्यवस्था, हरित क्षेत्र विस्तार तथा सुरक्षित पैदल पथ का निर्माण प्रस्तावित है।इससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, स्थानीय रोजगार के अवसर सृजित होंगे तथा शहर की सांस्कृतिक एवं आर्थिक पहचान को नई मजबूती प्राप्त होगी।

पटना नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत स्थित भवनों के पुनः कर निर्धारण एवं राजस्व संग्रहण को अधिक पारदर्शी, व्यवस्थित एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से एजेंसी के चयन से संबंधित प्रस्ताव को मंजूरी मिली । नगर प्रशासन का उद्देश्य अद्यतन सर्वेक्षण एवं वैज्ञानिक मूल्यांकन के माध्यम से कर निर्धारण प्रक्रिया को सुदृढ़ करना है, जिससे राजस्व में वृद्धि के साथ-साथ कर प्रणाली में समानता एवं प्रभावी की जा सके। इस पहल से निगम की वित्तीय स्थिति सुदृढ़ होगी तथा प्राप्त राजस्व का उपयोग आधारभूत संरचना विकास, नागरिक सुविधाओं के विस्तार एवं शहरी सेवाओं के उन्नयन में किया जा सकेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित