पटना, जून 20 -- महापौर श्रीमती सीता साहू की अध्यक्षता में पटना नगर निगम सशक्त स्थायी समिति की 24वीं साधारण बैठक शनिवार को संपन्न हुई। बैठक में प्रस्तुत कुल 14 एजेंडों को सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान की गई।बैठक में कदमकुआं वेंडिंग जोन के लिए मासिक किराया तय किया गया। क्षेत्रफल के आधार पर किराया 1000 रुपये से 1500 रुपये प्रतिमाह निर्धारित किया गया है। नगर निगम परिषद से अनुमोदन प्राप्त होने के बाद नई दरें प्रभावी होंगी।
शहर के विभिन्न क्षेत्रों में 6.62 करोड़ रुपये की लागत से 35 हाई मास्ट लाइट स्थापित करने तथा इस परियोजना के लिए हुडको के साथ एकरारनामा करने की स्वीकृति प्रदान की गई। उल्लेखनीय है कि यह परियोजना हुडको की कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के तहत पूरी की जाएगी।
बैठक में वार्ड संख्या-50 स्थित मुसल्लहपुर हाट में निगम की भूमि पर वेंडिंग जोन एवं विवाह भवन के निर्माण, शहर में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था सुदृढ़ करने के उद्देश्य से सभी अंचलों के लिए हाथ ठेला गाड़ियों की खरीद तथा नूतन राजधानी अंचल में विभिन्न क्षमता के कुल पांच पंप सेट क्रय करने की मंजूरी प्रदान की गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित