पटना, जुलाई 28 -- टना नगर निगम क्षेत्र में अवस्थित सभी भूखंडों, अपार्टमेंटों एवं फ्लैटों को संपत्ति कर के दायरे में लाकर राजस्व संग्रहण को सुदृढ़ एवं पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से नगर निगम द्वारा बहुस्तरीय कार्य किये जा रहे हैं। इसी क्रम में नगर निगम ने सभी अंचलों में स्थित अपार्टमेंटों एवं बहुमंजिला इमारतों के सभी फ्लैटों का संपत्ति कर निर्धारण सुनिश्चित करने के लिए विस्तृत कार्य योजना तैयार की है। ताकि प्रत्येक संपत्ति का समयबद्ध एवं सटीक कर निर्धारण किया जा सके।
इस अभियान के अंतर्गत संबंधित क्षेत्रों के सफाई निरीक्षक नियमित क्षेत्र भ्रमण कर प्रत्येक अपार्टमेंट एवं बहुमंजिला भवन की पहचान करेंगे तथा उनका भौतिक सत्यापन करेंगे। सत्यापन के दौरान अपार्टमेंट में स्थित फ्लैटों की संख्या, भवन की कुल मंजिलें, भवन जिस सड़क पर अवस्थित है, सहित अन्य आवश्यक जानकारियों का विस्तृत विवरण संकलित किया जाएगा।
वहीं, संबंधित वार्ड के नोडल पदाधिकारी चिन्हित सभी अपार्टमेंटों के सचिवों एवं प्रबंधन समितियों से समन्वय स्थापित करेंगे तथा मुख्यालय द्वारा निर्धारित "विवरण प्रपत्र" को पूर्ण एवं सही तरीके से भरवाना सुनिश्चित करेंगे, ताकि प्रत्येक संपत्ति का प्रमाणिक एवं अद्यतन अभिलेख उपलब्ध हो सके।
मैदानी स्तर से प्राप्त सभी विवरणों एवं प्रपत्रों का परीक्षण संबंधित राजस्व पदाधिकारी द्वारा किया जाएगा। वे उपलब्ध अभिलेखों का मिलान एवं सत्यापन सुनिश्चित करेंगे, ताकि संपत्ति कर निर्धारण की प्रक्रिया तथ्यपरक, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित हो। सत्यापन उपरांत संबंधित कार्यपालक पदाधिकारी मुख्यालय को रिपोर्ट समर्पित करेंगे।
पटना नगर निगम के इस अभियान के माध्यम से वैसी संपत्ति जिसका कर वास्तविक देयता से कम निर्धारित किया गया हो एवं वे संपत्तियां जो कर निर्धारण के दायरे से बाहर हैं, वे सभी संपत्तिकर के दायरें में आएंगी। इससे नगर निगम के राजस्व में उल्लेखनीय वृद्धि होने के साथ-साथ नागरिक सेवाओं के विस्तार एवं शहरी आधारभूत संरचना के विकास को भी नई गति मिलेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित