पटना , मई 09 -- टना नगर निगम ने शनिवार को लगातार दूसरे दिन भी शहर की सड़कों से गिरे पेड़ों को हटाने एवं सार्वजनिक स्थलों की गहन साफ-सफाई का व्यापक अभियान चलाया। शुक्रवार की शाम आई तेज आंधी और खराब मौसम के कारण शहर के विभिन्न इलाकों में सैकड़ों छोटे-बड़े पेड़ गिर गए थे, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित हो गई थी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए निगम प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मुख्य सड़कों एवं सार्वजनिक स्थलों से पेड़ों को हटाकर यातायात को सुचारु बनाने का कार्य शुरू किया।
शुक्रवार देर रात से प्रारंभ हुआ टूटे एवं गिरे पेड़ों के निष्पादन का कार्य शनिवार देर शाम तक लगातार जारी रहा।
नगर आयुक्त यशपाल मीणा एवं अन्य वरीय अधिकारियों की निगरानी में विभिन्न अंचलों में विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान पटना नगर निगम ने वन विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर करीब 200 छोटे-बड़े पेड़ों को हटाने का कार्य सफलतापूर्वक पूरा किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित