पटना , अप्रैल 29 -- िहार राज्य धार्मिक न्यास पर्षद के आदेश के आलोक में पटना के जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम. ने बुधवार को बाबा भीखम दास ठाकुरवाड़ी का निरीक्षण किया। निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन ने अपर समाहर्ता राजस्व, पटना, भूमि सुधार उप समाहर्ता, पटना तथा अंचल अधिकारी को निर्देश दिए कि यथाशीघ्र ठाकुरवाड़ी के सभी चल-अचल सम्पतियों तथा बैंक खाताओं की विवरणी तैयार कर उपलब्ध कराएँ। उन्होंने कहा कि सभी प्रकार का लेन-देन, विनिमय आदि पर तत्काल रोक रहेगा।
जिलाधिकारी ने ठाकुरवाड़ी की परिसम्मतियों, दुकानों, आय-व्यय का लेखा-जोखा भी तैयार करने के लिये अपर समाहर्ता को निर्देश दिए।
गौरतलब है कि बाबा भीखम दास ठाकुरवाड़ी के न्यास समिति के निष्क्रिय रहने की स्थिति में न्यास पर्षद ने पटना के जिलाधिकारी को अस्थायी न्यासधारी नियुक्त किया गया है। न्यास के कुशल संचालन एवं सम्यक व्यवस्था, सम्पति की सुरक्षा एवं संरक्षण के लिये न्यास समिति का गठन बाद में किया जाएगा। तत्काल बाबा भीखम दास ठाकुड़वारी से संबंधित सभी बैंक खाताओं का संचालन जिला पदाधिकारी के हस्ताक्षर से करने का निदेश दिया गया है। साथ ही न्यास समिति के गठन नामों का प्रस्ताव पर्षद के कार्यार्थ अतिशीघ्र भेजने के लिये जिला पदाधिकारी को निदेशित किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित