पटना , मई 09 -- ाष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकार के आह्वान पर पटना न्याय मंडल में आयोजित वर्ष की दूसरी राष्ट्रीय लोक अदालत में आज ऐतिहासिक रूप से 15807 मुकदमों का निपटारा समझौते के आधार पर किया गया। पटना जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव ज्योति नंदन ने बताया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकार के अध्यक्ष सह पटना के प्रधान जिला जज रूपेश देव की अध्यक्षता में आयोजित इस वर्ष की दूसरी राष्ट्रीय लोक अदालत में जहां एक ओर 4905 वैसे मुकदमों का निपटारा समझौते के आधार पर किया गया, जो न्यायालय में लंबित थे तो दूसरी ओर 10902 वैसे मामलों का भी निपटारा किया गया जो अभी न्यायालय में दाखिल नहीं हुए थे । उन्होंने बताया कि ट्रैफिक चालान से संबंधित 10119 मुकदमों का निपटारा हुआ, जिसमें 58 लाख 08 हजार 800 रुपए की वसूली हुई। उन्होंने बताया कि बैंक ऋण संबंधी मामलों में 05 करोड़ 93 लाख 72 हजार 512 रूपयों के मुकदमे में समझौता हुआ । उन्होंने कहा कि मुख्य रूप से बैंक ॠण , ट्रैफिक चालान ,बिजली बिल ,संधि योग्य आपराधिक मामले एवं चेक बाउंस से संबंधित मुकदमों का निपटारा हुआ । पटना उच्च न्यायालय के निर्देश पर इस बार ट्रैफिक चालान से संबंधित 10119 लंबित चालानो का निपटारा किया गया, जिसके लिए पटना के ज्ञान भवन में पीठों का गठन किया गया था।
श्री नंदन ने बताया कि इस राष्ट्रीय लोक अदालत की खास बात यह रही कि पटना उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश सह राज्य विधिक सेवा प्राधिकार के मुख्य संरक्षक मुख्य न्यायमूर्ति संगम कुमार साहू ने स्वयं ज्ञान भवन और पटना सिविल कोर्ट में आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत का निरीक्षण किया, जिनके साथ पटना उच्च न्यायालय के न्यायाधीश सह पटना न्याय मंडल के निरीक्षी न्यायाधीश न्यायमूर्ति मोहित कुमार साह भी उपस्थित थे। मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति श्री साहू ने पटना सिविल कोर्ट में आयोजित एक समारोह में पांच पुरुष और पांच महिला दिव्यांगों को मोटर युक्त तीन पहिया साइकिल प्रदान कर उनके जीवन को सुगम बनाने का प्रयास किया।
श्री ज्योति नंदन ने बताया कि पटना न्याय मंडल में कुल 84 पीठों का गठन किया गया था, जिनमें से पटना सदर सिविल कोर्ट और ज्ञान भवन में मिलाकर कुल 49 पीठो के द्वारा मामलों की सुनवाई की गई। पटना न्याय मंडल में पटना सदर सिविल कोर्ट तथा दानापुर, बाढ़ ,मसौड़ी, पटना सिटी और पालीगंज के अनुमंडलीय सिविल कोर्ट शामिल हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित