पटना , जुलाई 05 -- बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रविवार को अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), पटना का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने इस दौरान संस्थान में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं, अधोसंरचना तथा भविष्य की विकास योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त की और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने कहा कि राज्य सरकार एम्स, पटना के विस्तार एवं विकास के लिए हरसंभव सहयोग प्रदान करेगी। उन्होंने एम्स के विस्तार के लिये 24 एकड़ भूमि उपलब्ध कराने में राज्य सरकार की ओर से आवश्यक सहयोग देने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि अतिरिक्त भूमि मिलने के बाद पटना एम्स में लगभग 200 नये बेड उपलब्ध होंगे, जिससे संस्थान की रोगी सेवा क्षमता में वृद्धि होगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि एम्स, पटना से नाथूपुर तक 4 लेन सड़क के निर्माण के लिए राज्य सरकार आवश्यक सहयोग एवं समन्वय सुनिश्चित करेगी, जिससे मरीजों, उनके परिजनों तथा आम नागरिकों को बेहतर और सुगम आवागमन की सुविधा उपलब्ध हो सके।

मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने कहा कि बर्न मरीजों के उपचार के लिए स्किन स्टोरेज (त्वचा भंडारण) की व्यवस्था विकसित करने में भी राज्य सरकार पूर्ण सहयोग करेगी। उन्होंने कहा कि इससे गंभीर रूप से झुलसे मरीजों को बेहतर एवं समयबद्ध उपचार उपलब्ध कराने में सहायता मिलेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित