पटना , अप्रैल 30 -- बिहार में पटना जिले की पुलिस ने करीब 1.25 करोड़ रुपये मूल्य के अवैध इंजेक्शन और कोडीन युक्त सिरप की बड़ी खेप बरामद की है। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पटना सिटी 01,राजकिशोर सिंह ने गुरुवार को बताया किवरीय पुलिस अधीक्षक, पटना एवं नगर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी), पटना के निर्देशन में पूर्वी पटना क्षेत्र में मादक पदार्थों के विरुद्ध सतत एवं सघन अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में बुधवार को प्राप्त सूचना के आधार पर अगमकुंआ थानाध्यक्ष एवं ड्रग इंस्पेक्टर के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा रूपस कॉलोनी स्थित एक मकान में छापेमारी की गई।
श्री सिंह ने बताया कि छापेमारी के दौरान लगभग 200 कार्टन में 43,200 बोतल (लगभग 4,320 लीटर) अवैध कोडीन सिरप तथा 96,000 पीस नशीले इंजेक्शन बरामद किए गए। बरामद मादक पदार्थों की अनुमानित कीमत लगभग 1.25 करोड़ आंकी गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित