पटना , मार्च 02 -- बिहार में पटना जिले के मेहंदीगंज थाना क्षेत्र से पुलिस ने हथियार और कारतूस के साथ एक महिला को गिरफ्तार कर लिया।

नगर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) परिचय कुमार ने सोमवार को बताया कि एक मार्च को मेहंदीगंज थाना को सूचना प्राप्त हुई कि रानीपुर, नीमतल निवासी स्व.अजु कुमार की पत्नी सीमा देवी अपने घर में अवैध रूप से हथियार और कारतूस रखे हुयी है। सूचना के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उक्त स्थान पर छापेमारी की।

श्री कुमार ने बताया कि छापेमारी के दौरान एक रिवॉल्वर, एक देशी कट्टा, एक पिस्तौल (यूएसए निर्मित), दो खाली मैगजीन, 15 कारतूस और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है।पूछताछ के क्रम में उक्त महिला द्वारा बरामद हथियारों से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया। प्रारंभिक पूछताछ में उसने बताया कि उक्त हथियार उनके संज्ञान में थे जो उनके स्वर्गीय पति के थे। महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित