पटना , अप्रैल 14 -- बिहार में पटना जिले की पुलिस ने हत्याकांड के फरार अभियुक्त एवं अंतरराज्यीय स्वर्णाभूषण चोरी गिरोह के एक सक्रिय सदस्य गिरफ्तार कर लिया।

नगर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) पटना, परिचय कुमार ने मंगलवार को बताया कि सोमवार को सूचना के आधार पर रामकृष्णानगर थाना कांड संख्या 420/25 के हत्या एवं आर्म्स एक्ट के फरार अभियुक्त राजकुमार उर्फ भकलू को पटना पुलिस एवं बिहार विशेष कार्य बल (एसटीएफ) की संयुक्त कार्रवाई में गिरफ्तार किया गया । पूछताछ के क्रम में गिरफ्तार अभियुक्त ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर पश्चिम बंगाल में ज्वेलरी दुकानों में चोरी/ठगी की घटनाओं में संलिप्तता स्वीकार की।

श्री कुमार ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त के निशानदेही पर सोने का जेवरात 34.290 ग्राम,चाँदी का जेवरात 879 ग्राम 60 हजार रूपया और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है। गिरफ्तार अभियुक्त का विभिन्न थानों में आपराधिक इतिहास पाया गया है। उसके अन्य सहयोगियों की गिरफ्तारी के लिये छापेमारी की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित