पटना , मई 26 -- बिहार में पटना जिले की पुलिस ने नदी थाना क्षेत्र से एक अभियुक्त को स्मैक, अवैध आग्नेयास्त्र और भारी मात्रा में नकदी के साथ गिरफ्तार किया है। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी फतुहा-01 पटना, अवधेश कुमार ने मंगलवार को बताया कि सोमवार को नदी थाना क्षेत्र में आसूचना संकलन के आधार पर पुलिस टीम ने कच्ची दरगाह स्थित मजार के समीप छापेमारी की। इस दौरान एक अभियुक्त को 9.15 ग्राम स्मैक और एक मोबाइल फोन के साथ गिरफ्तार किया गया।गिरफ्तार अभियुक्त के पास से बरामद मोबाइल फोन की जांच के दौरान पुलिस को अवैध हथियार, कारतूस और नगद राशि के साथ उसकी कई संदिग्ध तस्वीरें मिलीं। मामले की गंभीरता को देखते हुए नदी थानाध्यक्ष के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने बताया कि गठित टीम ने त्वरित एवं योजनाबद्ध कार्रवाई करते हुए अभियुक्त के घर पर छापेमारी की। घर की तलाशी के दौरान पुलिस ने एक देशी रायफल, दो कारतूस तथा चार लाख 28 हजार 150 रुपये नकद बरामद किया।अभियुक्त के आपराधिक नेटवर्क, मादक पदार्थ एवं अवैध हथियारों के कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित