पटना , अप्रैल 27 -- बिहार में पटना जिले के फतुहा थाना क्षेत्र में विवाह कार्यक्रम के दौरान गोली लगने से एक व्यक्ति की हुयी मौत के मामले में पुलिस ने दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) कुंदन कुमार ने सोमवार को बताया कि रविवार की रात फतुहा थानांतर्गत डुमरी गांव में एक विवाह कार्यक्रम के दौरान फायरिंग की घटना में एक व्यक्ति रवि कुमार के घायल होने की सूचना प्राप्त हुई। घायल व्यक्ति को तत्काल उपचार के लिये अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के क्रम में उसकी मौत हो गई।
श्री कुमार ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, फतुहा-01 के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया।गठित टीम ने त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित