पटना , अप्रैल 28 -- बिहार में पटना जिले के रानीतालाब थाना क्षेत्र से पुलिस ने वाहन जांच के दौरान दो लोगों को हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया।
नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) भानु प्रताप सिंह ने मंगलवार को बताया कि पश्चिमी क्षेत्र में लगातार वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार को रानीतालाब थाना अंतर्गत कनपा पुल के पास बैरिकेटिंग लगाकर सघन वाहन जांच की जा रही थी।जांच के दौरान एक चार पहिया वाहन को रोककर उसकी जांच की गई। तलाशी के क्रम में वाहन से एक रायफल, एक पिस्तौल एवं 33 कारतूस बरामद किए गए।
श्री सिंह ने वाहन चालक सहित दो व्यक्तियों को पकड़कर पूछताछ की गई। उनके द्वारा बताया गया कि उक्त हथियार लाइसेंसी है, लेकिन लाइसेंस की वैधता समाप्त हो चुकी है। साथ ही कारतूस के संबंध में कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं किया जा सका। बरामद अग्नेयास्त्र को जब्त कर लिया गया है तथा जिलाधिकारी को हथियार के लाइसेंस रद्दीकरण के लिये प्रतिवेदन भेजा जा रहा है। मामले में अग्रेतर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित