पटना , अप्रैल 04 -- बिहार में पटना जिले के दानापुर थाना क्षेत्र में एक ज्वेलर्स दुकान में हुयी लूट के मामले में पुलिस ने पांच अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है।

नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी), भानु प्रताप सिंह ने शनिवार को बताया कि 31 मार्च को दानापुर थानांतर्गत एक ज्वेलर्स दुकान में अपराधियों ने हथियार के बल पर लूट की घटना को अंजाम दिया था।इस संबंध में कांड दर्ज करते हुए अग्रतर अनुसंधान प्रारंभ किया गया।कांड की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी दानापुर 01, पटना एवं दानापुर के थानाध्यक्ष के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (एसआईटी) टीम का गठन किया गया।गठित टीम ने द्वारा तकनीकी अनुसंधान एवं सीसीटीवी फुटेज का अवलोकन कर एवं योजनाबद्ध कार्रवाई करते हुए उक्त कांड के मुख्य षड्यंत्रकर्ता अनूप भारती को सिवान जिले से गिरफ्तार किया।

नगर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त की निशानदेही पर पुनः छापामारी कर कांड में संलिप्त अन्य चार अभियुक्तों अमन कुमार, रोहित कुमार, प्रिंस कुमार और एहम खान को को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उनके पास से लूट किए गए सात ग्राम आभूषण ,832 ग्राम चांदी का आभूषण ,घटना में प्रयुक्त दो देशी कट्टा, एक कारतूस, दो खोखा, एक पिस्तौल का मैगजीन, तीन मोबाइल फोन, एक बेहोश करने वाला स्प्रे, एक स्कूटी एवं एक बाइक जब्त की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित