पटना , अप्रैल 30 -- बिहार निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने गुरूवार को राजधानी पटना के कदमकुआं थाना के पुलिस अवर निरीक्षक-सह-अपर थानाध्यक्ष अर्जुन यादव को सात हजार रूपये रिश्वत लेते हुये गिरफ्तार कर लिया।
ब्यूरो सूत्रों ने बताया कि कदमकुआं थाना क्षेत्र निवासी और परिवादी शमशाद आलम ने पटना ब्यूरो के कार्यालय में शिकायत दर्ज करायी थी कि पुलिस अवर निरीक्षक अर्जुन यादव के द्वारा कदमकुआँ थाना कांड संख्या-315/26 में फंसाने का भय दिखाकर रिश्वत की माँग की जा रही है।ब्यूरो द्वारा प्राप्त शिकायत का सत्यापन कराया गया एवं सत्यापन के क्रम में आरोपी द्वारा रिश्वत मांगे जाने का प्रमाण पाया गया। प्रथम दृष्टया आरोप सही पाये जाने के बाद कांड अंकित कर पटना ब्यूरो के पुलिस उपाधीक्षक और अनुसंधानकर्ता आदित्य राज के नेतृत्व में एक धावादल का गठन किया गया।
सूत्रों ने बताया कि धावादल ने कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी अभियुक्त अर्जुन यादव को सात हजार रूपये रिश्वत लेते हुए पटना स्थित बुद्ध मूर्ति के निकट जस्टिस राज किशोर पथ से गिरफ्तार कर लिया है।अभियुक्त से पूछताछ के बाद उसे पटना निगरानी की विशेष अदालत में पेश किया जायेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित