पटना , अप्रैल 12 -- बिहार में पटना जिले की पुलिस ने खिरीमोड़ थाना क्षेत्र से हथियार के साथ एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया।

अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी 01 पालीगंज, राजीव चन्द्र सिंह ने रविवार को बताया कि वरीय पुलिस अधीक्षक, पटना के निर्देशन एवं नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी), पटना के नेतृत्व में अवैध हथियार के विरुद्ध लगातार कार्रवाई जारी है ।इसी क्रम में शनिवार को सूचना प्राप्त हुई कि खिरीमोड़ थानांतर्गत अचल टोला गांव निवासी लवकुश कुमार अपने घर में अवैध हथियार रखे हुए है। प्राप्त सूचना के आलोक में एक छापामारी टीम का गठन किया गया।

श्री सिंह ने बताया कि गठित टीम ने त्वरित एवं योजनाबद्ध कार्रवाई करते हुए उक्त स्थान पर छापामारी कर लवकुश कुमार को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्त के घर की अग्रतर तलाशी के क्रम में एक देशी कट्टा बरामद किया गया है।इस संदर्भ में कांड दर्ज करते हुए अग्रतर विधि-सम्मत कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित