पटना , मई 23 -- बिहार में पटना जिले के रामकृष्णानगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने साइबर फ्रॉड गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस उपाधीक्षक सह साइबर थानाध्यक्ष, पटना नीतीश चंद्र धारिया ने शनिवार को बताया कि पिछले कुछ दिनों से सूचना प्राप्त हो रही थी कि कुछ साइबर अपराधी लोन एवं सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के नाम पर लोगों से करेंट अकाउंट खुलवाकर उनका पासबुक, एटीएम कार्ड, बैंक डिटेल, सिम कार्ड एवं अन्य दस्तावेज अपने कब्जे में रख लेते थे तथा उन्हीं खातों का उपयोग साइबर ठगी की घटनाओं को अंजाम देने में किया जा रहा था।

श्री धारिया ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए एक विशेष टीम का गठन कर जांच प्रारंभ की गई।गठित टीम द्वारा तकनीकी एवं मानवीय अनुसंधान के आधार पर त्वरित एवं सुनियोजित कार्रवाई करते हुए रामकृष्णानगर थाना क्षेत्र में छापामारी कर मामले में संलिप्त दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया।कार्रवाई के दौरान अभियुक्तों के पास से 11 मोबाइल फोन, 01 लैपटॉप, 12 एटीएम कार्ड, 13 चेकबुक एवं 01 पासबुक बरामद किया गया है।अग्रतर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित