पटना , मई 13 -- बिहार में पटना जिले के बिहटा थाना क्षेत्र में पुलिस और अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ में दो अपराधी घायल हो गए, जबकि एक अन्य को गिरफ्तार कर लिया गया है। वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के शर्मा ने बुधवार को बताया कि सूचना मिली थी कि कुख्यात अपराधी अवधेश उर्फ विदेशिया अपने सहयोगियों के साथ बिहटा थाना क्षेत्र में किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहा है।सूचना के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी कर अवधेश उर्फ विदेशिया एवं उसके दो साथियों को पकड़ लिया। प्रारंभिक पूछताछ में तीनों ने पूर्व में हुए एक हत्याकांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उन्होंने यह भी बताया कि आगामी वारदात के लिए हथियार बिहटा थाना क्षेत्र के एक स्थान पर छिपाकर रखे गए हैं।
वरीय पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पुलिस ने जब उनकी निशानदेही पर बताए गए स्थान पर पहुंचकर छापेमारी की, तभी अपराधियों ने छिपाए गए हथियार से पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में अवधेश उर्फ विदेशिया और पप्पू राय के पैर में गोली लगी, जबकि तीसरे अपराधी दीपक कुमार ने आत्मसमर्पण कर दिया।घायल दोनों अपराधियों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले में आगे की विधिसम्मत कार्रवाई कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित