पटना , मई 20 -- बिहार निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने पटना जिले के नौबतपुर स्थित बाल विकास परियोजना कार्यालय के डाटा इंट्री ऑपरेटर संतोष कुमार को 37 हजार 100 रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। ब्यूरो के सूत्रों ने बुधवार को यहां बताया कि पटना जिले के आलमगंज थानाक्षेत्र निवासी और परिवादी श्रीमती सुशीला कुमारी ने पटना ब्यूरो के कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी कि डाटा इन्ट्री ऑपरेटर के द्वारा उन्हें आवंटित 17 आंगनबाड़ी केन्द्रों से पोषाहार एवं अंडा की राशि (प्रति केन्द्र लगभग 10,000 से 14,000/- रूपये ) का कुल 25 प्रतिशत के हिसाब से सीडीपीओ के लिए एवं एक प्रतिशत अपने लिये वसूल कर देने के लिये रिश्वत की माँग की जा रही है।
सूत्रों ने बताया कि शिकायत के सत्यापन के दौरान रिश्वत मांगने की पुष्टि होने पर पटना ब्यूरो के पुलिस उपाधीक्षक और अनुसंधानकर्ता सुजीत कुमार सागर के नेतृत्व में विशेष धावादल का गठन किया गया। धावादल ने नौबतपुर स्थित बाल विकास परियोजना कार्यालय में छापेमारी कर आरोपी संतोष कुमार को 37 हजार 100 रुपये रिश्वत लेते हुए उसके कार्यालय कक्ष से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है। पूछताछ के बाद उसे पटना निगरानी की विशेष अदालत में पेश किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित