पटना , जून 20 -- बिहार में पटना जिले की पुलिस ने बिहटा थाना क्षेत्र में पिछले महीने हुई डकैती की घटना का सफल उद्भेदन करते हुए एक अंतर्राज्यीय अपराधी गिरोह के 14 अपराधियों को गिरफ्तार किया है।पुलिस सूत्रों ने शनिवार को बताया कि 16 मई 2026 की रात बिहटा थाना क्षेत्र के एक घर में हुई डकैती की घटना के बाद मामले के अनुसंधान के लिए विशेष टीम का गठन किया गया था। टीम ने तकनीकी एवं मानवीय सूचना के आधार पर जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण और लगातार छापेमारी के बाद शुक्रवार की रात विशेष अभियान चलाकर 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

सूत्रों ने बताया कि पूछताछ में गिरफ्तार अपराधियों ने बिहटा डकैती कांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि गिरोह के सदस्य बिहार सहित अन्य राज्यों में चोरी और डकैती की कई घटनाओं में शामिल रहे हैं तथा उनका आपराधिक इतिहास रहा है।पुलिस ने आरोपियों के पास से दो देशी कट्टा, पांच कारतूस बरामद की है। गिरफ्तार अपराधियों से पूछताछ की जा रही है और गिरोह के अन्य सदस्यों तथा उनके आपराधिक नेटवर्क के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित