पटना , मई 13 -- बिहार निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने बुधवार को पटना जिले के जानीपुर थाना के पुलिस अवर निरीक्षक सह अपर थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह को एक लाख रूपये रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया।

ब्यूरो सूत्रों ने बताया कि पटना जिले के रूपसपुर थाना क्षेत्र निवासी और परिवादी कौशल किशोर ने पटना ब्यूरो के कार्यालय में शिकायत दर्ज करायी थी कि पुलिस अवर निरीक्षक संजय कुमार सिंह के द्वारा उनके जानीपुर थाना क्षेत्र स्थित जमीन की बॉउंड्री करवाने के एवज में रिश्वत की माँग की जा रही है।

सूत्रों ने बताया कि ब्यूरो द्वारा प्राप्त शिकायत का सत्यापन कराया गया एवं सत्यापन के क्रम में आरोपी द्वारा रिश्वत मांगे जाने का प्रमाण पाया गया। प्रथम द्रष्टया आरोप सही पाये जाने के बाद कांड अंकित कर ब्यूरो के पुलिस ब्यूरो के पुलिस उपाधीक्षक और अनुसंधानकर्ता अरुणोदय पाण्डेय के नेतृत्व में एक धावादल का गठन किया गया। धावादल द्वारा कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी अभियुक्त संजय कुमार सिंह को एक लाख रूपये रिश्वत लेते हुए बग्घा टोला, थाना- जानीपुर, जिला- पटना स्थित नहर के पूर्वी सड़क के किनारे से गिरफ्तार किया गया है। अभियुक्त से पूछताछ के बाद उसे पटना निगरानी की विशेष अदालत में पेश किया जायेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित