पटना , जुलाई 15 -- बिहार के पटना जिले में अपराध नियंत्रण एवं फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी को लेकर चलाए जा रहे विशेष समकालीन अभियान के तहत नदी थाना पुलिस ने चोरी के 28 मोबाइल फोन और एक चोरी की बाइक बरामद कर छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है।पुलिस सूत्रों ने बुधवार को बताया कि वरीय पुलिस अधीक्षक पटना के निर्देशन एवं पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के नेतृत्व में चलाए जा रहे अभियान के दौरान नदी थाना को सूचना मिली थी कि बांसतल गांव का एक युवक अपने साथियों के साथ मोबाइल चोरी की घटनाओं को अंजाम देता है तथा उसके पास कई चोरी के मोबाइल मौजूद हैं।

सूत्रों ने बताया कि सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी फतुहा-01 अवधेश कुमार और नदी थाना अध्यक्ष के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदिग्ध युवक के ठिकानों पर छापेमारी की, जहां से चोरी के 28 मोबाइल फोन बरामद किए गए। मामले में संलिप्त चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।इसी दौरान समकालीन अभियान के तहत पुलिस टीम को देखकर भाग रहे बाइक सवार दो व्यक्तियों को पकड़कर उनकी तलाशी ली गई। जांच में उनके पास से एक चोरी की बाइक बरामद हुई, जिसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। मामले में आगे की जांच एवं विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित